CM सुक्खू विधानसभा सत्र के बीच अचानक दिल्ली रवाना, इसी हफ्ते मंत्रिमंडल विस्तार संभव

 हिमाचल विधानसभा के धर्मशाला में चल रहे शीतकालीन सत्र के बीच गुरूवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अचानक दिल्ली रवाना हो गए। गुरूवार अपरान्ह साढ़े तीन बजे सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री ने हेलीकाप्टर से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। जानकारी अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार की पार्टी हाईकमान से चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री का अचानक दिल्ली जाने का कार्यक्रम बना है। विधानसभा के शीतकालीन सत्र का शुक्रवार को आखिरी दिन है, लिहाजा मुख्यमंत्री इस बैठक में शामिल होने के लिए कल धर्मशाला वापिस आएंगे। 


दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान मंत्रियों के नामों को अंतिम मंजूरी मिल सकती है। इसी हफ्ते मंत्रिमंडल विस्तार और शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है। मुख्यमंत्री साफ कर चुके हैं कि हाईकमान की मंजूरी के बाद ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। 


राज्य में कांग्रेस सरकार के गठन के चार हफ्ते बाद भी मंत्रिमंडल का गठन नहीं हो पाया है। दरअसल 08 दिसंबर को विधानसभा चुनाव का जनादेश कांग्रेस के पक्ष में आया था। 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने शपथ ग्रहण की थी। मगर, अब तक मंत्रियों का ऐलान नहीं हुआ है। इसे लेकर विपक्ष भी निरंतर हमलावर है और जनता भी बार-बार मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सवाल कर रही है। सुक्खू मंत्रिमंडल में अधिकतम 10 मंत्री बनने हैं। कई वरिष्ठ से लेकर युवा विधायक मंत्रियों की दौड़ में चल रहे हैं। सोलन जिले से धनीराम शांडिल व संजय अवस्थी, राम कुमार, सिरमौर से हर्षवर्धन चौहान, बिलासपुर से राजेश धर्माणी, कांगड़ा से चंद्र कुमार, सुधीर शर्मा, रघुबीर सिंह बाली, संजय रत्न, शिमला जिले से विक्रमादित्य सिंह, रोहित ठाकुर, मोहन लाल ब्राक्टा, किन्नौर से जगत सिंह नेगी, लाहौल स्पीति से रवि ठाकुर और कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर का नाम मंत्री की रेस में है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad