सुक्खू ने बांटा मंत्रियों को विभाग, गृह, वित्त और पर्यटन रखे अपने पास, जानें किसे क्या मिली जिम्मेदारी

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 07 कैबिनेट मंत्रियों में विभागों का बंटवारा कर दिया है। इस बारे में बुधवार को देर शाम शासन की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई। गृह, वित्त, पर्यटन और सामान्य प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभाग सीएम ठाकुर ने खुद अपने पास रखे हैं। 82 साल के सबसे वरिष्ठ मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और श्रम एवं रोजगार विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कांगड़ा जिला के ज्वाली के चन्द्र कुमार को कृषि और पशुपालन विभाग का कार्यभार सौंपा गया है। 

शिलाई से विधायक और पहली बार मंत्री बने हर्षवर्धन चौहान को उद्योग, संसदीय कार्य और आयुष विभाग की जिम्मेदारी मिली है। इसी तरह पहली बार मंत्री बने किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी राजस्व, बागवानी और जनजातीय विकास विभाग संभालेंगे। जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर को शिक्षा के अहम विभाग का जिम्मा मिला है। रोहित ठाकुर को उच्चतर शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा, वोकेशनल और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग विभागों की जिम्मेदारी रहेगी। 

शिमला जिला के कसुम्पटी हल्के से भाजपा के पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज को हराकर जीत की हैट्रिक लगाने वाले अनिरुद्ध सिंह को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग का प्रभार सौंपा गया है। पूर्व सीएम दिवंगत वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह को लोकनिर्माण और युवा सेवा एवं खेल विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। सुक्खू मंत्रिमंडल में विक्रमादित्य सिंह सबसे युवा मंत्री हैं। वह 33 वर्ष के हैं। 

बता दें कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने वित्त, सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, योजना आदि विभाग अपने पास रखे हैं, जबकि उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को जल शक्ति, परिवहन और भाषा एवं संस्कृति विभाग दिए गए हैं। सुक्खू कैबिनेट की पहली बैठक 13 जनवरी को दोपहर 12 बजे राज्य सचिवालय में तय हुई है। सुक्खू कैबिनेट में शामिल 07 मंत्रियों को 08 जनवरी को राजभवन राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। जबकि मुख्यमंत्री सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का शपथ समारोह बीते 11 दिसंबर को ऐतिहासिक रिज मैदान पर हुआ था।
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad