14वीं विधानसभा के प्रथम सत्र से पहले कांग्रेस व भाजपा में वाकयुद्ध तेज हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के कांग्रेस सरकार की स्थिरता को लेकर यह कहना कि पांच साल से पहले भाजपा सरकार बन सकती है और मंडी हमारी है, इस पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस भाजपा से फिर मंडी छीन लेगी।
उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में मंडी संसदीय सीट से फिर से कांग्रेस का ही सांसद संसद पहुंचेगा। जयराम ठाकुर के बयानों से ऐसा प्रतीत होता है कि वह विधानसभा के प्रथम सत्र से पहले हताशा में हैं। भाजपा को जनादेश का सम्मान करते हुए रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए। शिमला में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को लोगों के जनादेश का सम्मान करना चाहिए। रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने का काम करना चाहिए।
अगले पांच साल तक सफल कार्यकाल पूरा करेगी सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम के बयान से तो ऐसा लग रहा है कि वह हार को अभी तक पचा नहीं पाए हैं। कांग्रेस में किसी प्रकार की कोई अस्थिरता नहीं है। यहां पर स्थायी सरकार काम कर रही है। सरकार डंके की चोट पर अगले पांच साल तक सफल कार्यकाल पूरा करेगी। अग्निहोत्री ने जयराम ठाकुर के कम मार्जन से कांग्रेस की सरकार बनने की बात परकहा कि इस चुनाव में कांग्रेस को 15 सीटें अधिक मिली। भाजपा 25 सीट पर ही सिमट कर रह गई है। जयराम ठाकुर को याद रखना चाहिए कि अभी तो विधानसभा का पहला सत्र आयोजित हो रहा है, अभी से इतनी हताशा क्यों है। अभी तो विधायकों को शपथ लेनी है। विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होना है। भााजपा को इतनी व्याकुलता दिखाना सही नहीं है
बीते पांच साल प्रदेश में माफिया व शराब माफिया का बोलबाला
धर्मशाला में मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में बीते पांच साल आरएसएस व जेपी नड्डा सरकार चलाते रहे। जयराम ठाकुर प्रदेश के सबसे कमजोर मुख्यमंत्री साबित हुए हैं। बीते पांच साल प्रदेश में पेपर लीक माफिया व शराब माफिया का बोलबाला रहा लेकिन भाजपा सरकार सख्त कदम उठाने में असफल रही। प्रदेश की जनता ने सत्ता नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाया है। सोमवार को धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में चौहान ने कहा, विधानसभा चुनाव में बहुत बड़ा बदलाव हुआ है।
10 गारंटियों पर सरकार ने काम शुरू कर दिया
21 दिन के कार्यकाल में सरकार ने बड़े व महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। जल्द मंत्रिमंडल का गठन होगा। बकौल चौहान, 10 गारंटियों पर सरकार ने काम शुरू कर दिया है। जल्द ओपीएस लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने पेपर लीक मामले में काम किया और जेओआइटी का जैसे ही पेपर लीक हुआ तो एसआइटी गठित की। महिला अधिकारी, उसके बेटे व आरोपितों को पुलिस ने पकड़ा है। इस मौके पर विधायक केवल सिंह पठानिया, संजय चौहान, डा. राजेश शर्मा, प्रवक्ता जितेंद्र शर्मा, प्रदेश सचिव पुनीत मल्ली, नागेश्वर मनकोटिया, राजेश राजा व वीरेंद्र कटोच आदि मौजूद रहे
मंडी में हवाई अड्डा बना नहीं पाए और हमें नसीहत दे रहे जयराम
विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम कांग्रेस को जल्दबाजी का पाठ न पढ़ाएं। कांग्रेस सरकार पहली कैबिनेट में ही ओपीएस को बहाल करेगी। अपने मुख्यमंत्रित्व काल में जयराम ठाकुर मंडी में हवाई अड्डा तक बनवा नहीं पाए और अब कांग्रेस को नसीहत दे रहे हैं। वह कांग्रेस को नसीहत देना बंद करें।