मनाली सहित ऊंची चोटियों पर हिमपात, 185 सड़कें बंद

 मनाली व सोलंगनाला में हल्का व ऊंची चोटियों पर बुधवार रात भारी हिमपात हुआ। मनाली में करीब डेढ़ इंच, अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में डेढ़ फीट, नार्थ पोर्टल में छह इंच, धुंधी मैदान में डेढ़ फीट हिमपात हुआ है। कांगड़ा में वीरवार शाम वर्षा हुई। प्रदेश में हिमपात व वर्षा से 185 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। शाम करीब चार बजे अटल टनल के साउथ पोर्टल व धुंधी की तरफ गए पर्यटकों को मनाली की ओर वापस भेज दिया गया।

कुफरी में अधिकतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज

मनाली-केलंग मार्ग चौपहिया वाहनों के लिए खोल दिया गया है। लाहुल-स्पीति में 177, चंबा में पांच, कांगड़ा में दो और कुल्लू में एक सड़क बंद है। हिमपात व वर्षा के कारण कुछ स्थानों पर तापमान में एक से पांच डिग्री तक गिरावट आई है, जबकि कुछ स्थानों पर तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि ऊना में 9.4 डिग्री, बिलासपुर के बरठीं में 5.2, कांगड़ा में 5.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है जबकि सबसे अधिक गिरावट डलहौजी में 5.4 डिग्री और कुफरी में 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई है।


मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हिमपात व वर्षा की संभावना

मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी ऊंचे और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हिमपात व वर्षा की संभावना जताई है और कुछ स्थानों पर बादल छाए रहेंगे। कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, सोलन व सिरमौर में शीतलहर का प्रकोप 19 जनवरी तक रहने का अनुमान है। केलंग में न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान जमावबिंदु से नीचे चला गया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad