छात्र राजनीति से शुरू किया सफर, अब बन सकते हैं सीएम; जानें कौन हैं सुक्खू

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस आलाकमान ने सीएम के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक चुने गए सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री होंगे। सुक्खू का जन्म हमीरपुर जिले की नादौन तहसील के सेरा गांव में 26 मार्च 1964 को हुआ। उनके पिता रसील सिंह हिमाचल पथ परिवहन निगम शिमला में चालक थे। जबकि उनकी मां संसार देई गृहिणी हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू की पहली से एलएलबी तक की पढ़ाई शिमला में ही हुई है। 

सुखविंदर सिंह सुक्खू के अलावा उनके तीन भाई-बहन और हैं। साल 1998 को सुखविंदर सिंह सुक्खू की शादी कमलेश ठाकुर से हुई। उनकी दो बेटियां हैं जो दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई कर रही हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने राजनीतिक पारी की शुरुआत एनएसयूआई से की। संजौली कॉलेज में पहले कक्षा के क्लास रिप्रेजेंटेटिव और स्टूडेंट सेंट्रल एसोसिएशन के महासचिव चुने गए। उसके बाद राजकीय महाविद्यालय संजौली में स्टूडेंट सेंट्रल एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए। 1988 से 1995 तक एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष बने। 1995 में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बने। 

इसके बाद वह 1998 से 2008 तक युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे। नगर निगम शिमला के दो बार चुने हुए पार्षद बने। फिर साल 2003, 2007, 2017 और अब 2022 में नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक चुने गए। 2008 में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव बने। 2013 से 10 जनवरी 2019 तक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे। अप्रैल 2022 में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं टिकट वितरण कमेटी के सदस्य बने।
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad