मुफ्त बिजली, पुरानी पेंशन और 5 लाख रोजगार, कांग्रेस ने जारी किया प्रतिज्ञा पत्र; हिमाचल की जनता को दीं ये 10 गारंटी

कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को अपना घोषणापत्र (कांग्रेस प्रतिज्ञा पत्र 2022) जारी कर दिया। कांग्रेस ने इस घोषणापत्र में पुरानी पेंशन योजना, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में 10 करोड़ 'स्टार्टअप निधि' देने जैसी 10 गारंटी दी हैं। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 8 दिसंबर को होगी। 

कांग्रेस के इस प्रतिज्ञा पत्र 2022 को 'हिमाचल हिमाचलियत और हम' नाम दिया है। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। घोषणापत्र जारी करने के मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एसआईसीसी) के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू और एआईसीसी सचिव तेजिंदर पाल बिट्टू तथा मनीष चतरथ भी मौजूद थे।

कांग्रेस की 10 गारंटी

1. पुरानी पेंशन होगी बहाल
2. युवाओं के लिए 5 लाख रोजगार 
3. महिलाओं के लिए हर महीने 1500 रुपये
4. 300 यूनिट बिजली फ्री
5. बागवान तय करेंगे फलों की कीमत
6. युवाओं के लिए 680 करोड़ का स्टार्ट-अप फंड
7. हर विधानसभा में खुलेंगे 4 अंग्रेजी मीडियम स्कूल
8. मोबाइल क्लीनिक से हर गांव में होगा मुफ्त इलाज  
9. पशुपालकों से हर दिन खरीदेंगे 10 लीटर दूध
10. 2 रुपये में होगी गोबर खरीदी

पार्टी की चुनाव घोषणा समिति के अध्यक्ष धनीराम शांडिल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम रही है और उसने पांच साल पहले किए गए अपने वादे पूरे नहीं किए। शांडिल ने कहा कि यह महज चुनावी घोषणापत्र नहीं है बल्कि हिमाचल प्रदेश के लोगों के विकास तथा कल्याण के लिए तैयार दस्तावेज है। कांग्रेस राज्य में सत्ता विरोधी लहर को भुनाने की कोशिश कर रही है और मतदाताओं से भाजपा को सत्ता से बेदखल का अनुरोध कर रही है। 

कांग्रेस ने एक लाख नौकरियों, पेंशन योजना की बहाली सहित कई वादे किए

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को कहा था कि उनकी पार्टी हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता में आने पर एक लाख नौकरियां देगी, पुरानी पेंशन योजना को बहाल करेगी और प्रत्येक महिला को 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता देगी। प्रियंका ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस नशीले पदार्थों की समस्या से भी लड़ेगी, जो युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है तथा हर विधानसभा क्षेत्र में अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले जाएंगे। कांग्रेस नेता ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश कर्ज में डूब गया है और 63,000 सरकारी पद खाली पड़े हैं।

छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस द्वारा किए गए कार्यों का हवाला देते हुए, उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी हिमाचल प्रदेश में भी अपने वादों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक लाख नौकरियों का सृजन करेगी...छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यहां बैठे हैं, उन्होंने तीन साल में पांच लाख नौकरियां दी हैं। राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने 1.30 लाख नौकरियां दी हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि वह घर और बाहर काम करने वाली महिलाओं के कंधों पर पड़े बोझ को समझती हैं। उन्होंने कहा कि इसीलिए कांग्रेस हर महिला को 1500 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता देना चाहती है। यह 'हर घर लक्ष्मी योजना' के तहत होगी। प्रियंका ने कहा कि इसके अलावा, कांग्रेस हर विधानसभा क्षेत्र में अंग्रेजी माध्यम के चार स्कूल बनाना चाहती है और मादक पदार्थ की समस्या से लड़ना चाहती है।

उन्होंने कहा कि केंद्र महंगाई जैसे मुद्दों का समाधान करने में विफल रहा है और बदले में लोगों को अधिक करों से परेशान किया है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई से आजादी मांग रही है और आप कहते हैं, जीएसटी और ज्यादा टैक्स लीजिए। यहां तक कि सेब की पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले कार्टन पर भी जीएसटी बढ़ा दिया गया है। 
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad