मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने आज नई दिल्ली में भारत के राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी से भेंट की। मुख्यमंत्री जी ने राष्ट्रपति जी को प्रदेश के राज्यत्व की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करने के लिए हिमाचल प्रदेश में आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने राष्ट्रपति जी को जानकारी दी कि इस वर्ष 25 जनवरी को राज्य के 50 वर्ष पूर्ण हुए हैं और स्वर्ण जयंती के अवसर पर राज्य में वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री विपिन सिंह परमार जी तथा मुख्य सचिव श्री राम सुभग सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जी ने केंद्रीय वित्त मंत्री जी से की भेंट
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी से भेंट की। मुख्यमंत्री जी ने केंद्रीय वित्त मंत्री जी से 100 मिलियन डॉलर के एशियाई विकास बैंक के प्रथम चरण की परियोजना को पुनः आरम्भ करने का आग्रह किया। इस परियोजना का उद्देश्य राज्य में विश्व स्तर की अधोसंरचना का निर्माण कर राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रथम चरण में 20 उपपरियोजनाएं शामिल हैं और कहा कि राज्य सरकार अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर अधोसंरचना विकसित कर इस स्थल को बड़े पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करना चाहती है। केंद्रीय मंत्री जी ने एशियाई विकास बैंक परियोजना को पुनः आरंभ करने के पर विचार करने का आश्वासन दिया और शीघ्र इससे संबंधित प्रस्ताव भेजने को कहा। केंद्रीय वित्त मंत्री जी ने मुख्यमंत्री जी को विकास में गति के लिए शीघ्र निधि तथा स्वीकृति प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय अधोसंरचना पाइपलाईन का उपयोग करने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री जी को कोविड टीकाकरण की प्रथम खुराक के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिए बधाई दी।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री जी से भी की भेंट
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया जी से भेंट की। मुख्यमंत्री जी ने केंद्रीय मंत्री जी से मण्डी जिले में ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे के निर्माण तथा शिमला, भुन्तर और कांगड़ा में हवाई अड्डों के विस्तारीकरण से संबंधित स्वीकृतियां शीघ्र प्रदान करनेे का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक लोकप्रिय पर्यटन गंतव्य है और हवाई अड्डों के निर्माण और विस्तारीकरण से पर्यटकों के आगमन में वृद्धि होगी जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा व रोजगार सृजन की संभावनाएं भी बढ़ेगी। उन्होंने उड़ान योजना के तहत किराया घटाने के लिए केंद्रीय मंत्री तथा केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि उड़ानों को सस्ता करना सार्वजनिक हित में एक बड़ी पहल है। केंद्रीय मंत्री जी ने विभाग के अधिकारियों को मामले में तेजी लाने के निर्देश दिए और इसकी प्रगति बारे जानकारी देने को कहा। उन्होंने राज्य को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया। मुख्य सचिव श्री राम सुभग सिंह जी तथा प्रधान आवासीय आयुक्त श्री एस.के. सिंगला भी बैठक में उपस्थित थे।
Courtesy: CMO Himachal