प्रवासी मजदूरों को सेनेटाइजर-साबुन, खाना बांटा

शिमला – हिमाचल में कर्फ्यू की वजह से सबसे ज्यादा दिक्कतें मजदूर वर्ग को पेश आ रही हैं। राजधानी में ऐसे ही प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए अब लोग व सामाजिक संगठन आगे आ रहे हैं। गुरुवार को जहां शिमला शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में रह रहे प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए कई संस्थाएं आगे आई है, जो अपने स्तर पर जरूरतमंद लोगों का सहयोग कर रहे हैं। गुरुवार को डीएवी स्कूल न्यू शिमला के समीप रंझाना पंचायत में रह रहे प्रवासी मजदूरों को नशा निवारण समिति रंझाना, न्यू शिमला थाना और डीएवी स्कूल के प्रिंसीपल के सहयोग से हैंड सेनेटाइजर साबुन और मास्क और खाने के पैकेट वितरित किए गए। करीब 60 मजदूरों को यह सब सामान उपलब्ध करवाया गया। खास बात यह रही कि इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन किया गया। जो लोग इस दौरान एकत्र हुए थे, उन्हें दो मीटर की दूरी पर एक दूसरे से खड़ा किया गया। इसके बाद उन्हें मास्क, हैंड सेनेटाइजर, साबुन व आवश्यक वस्तुएं वितरित की गई। इसके साथ ही इन सब चीजों का इस्तेमाल कैसे और किस लिए करना है। इसके बारे में भी जागरूक किया गया। प्रवासी मजदूरों को बताया गया कि कोरोना वायरस कितना खतरनाक है। इससे बाहरी देशों में कितना नुकसान हो चुका है। कितने लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में उनसे भी सहयोग की अपील की गई। उनसे कहा गया कि वह अपनी साफ-सफाई के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरी तरह से पालन करें। इस दौरान डीएवी न्यू शिमला के प्रिंसीपल ने बताया कि डीएवी न्यू शिमला, नशा निवारण समिति,आर्य समाज और थाना न्यू शिमला के सहयोग से गुरूवार को रझाणा में प्रवासी मजदूरों को यहां  सेनेटाइजर, मास्क और खाना देने के साथ ही उन्हें कोरोना वायरस के बारे में जागरूक किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर यह लोग जागरूक होंगे, तो इससे हमारा प्रदेश सुरक्षित होगा। अगर प्रदेश सुरक्षित होगा तो देश सुरक्षित होगा। इसी के चलते उन्होंने आज इन सभी प्रवासी मजदूरों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए यह आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई हैं। वहीं रंझाना पंचायत के प्रधान नरेश कुमार ने कहा कि  डीएवी न्यूज शिमला और नशा निवारण समिति न्यू शिमला थाना की ओर से आज हमारी पंचायत में एक जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें पंचायत में रह रहे प्रवासी मजदूरों को कोरोना वायरस के बारे में जागरूक किया गया। 

The post प्रवासी मजदूरों को सेनेटाइजर-साबुन, खाना बांटा appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.

Post a Comment

Latest
Total Pageviews