तांगणू के बाद अब एक और गांव पर बरपा आग का कहर
रोहडू-चिड़गांव में किसी गांव के जलने से होने वाले नुकसान का यह मामला पहला नहीं है। इससे पहले भी पिछली साल ही चिड़गांव तहसील के तांगणू में सर्दियों के दौरान 30 के करीब घर जलकर राख हो गए थे। लोगों को बीच सर्दियों में बेघर होना पड़ा। कुछ साल पहले रोहडू ग्राम पंचायत में भी एक गांव में आग लगी, जहां पर कई मकान जल कर राख हो गए। इसके अलावा आए दिन एक या दो मकान जलने की घटनाएं तो जैसे यहां के लिए आम ही हो गई है। अब तक की प्रशासनिक सूचनाओं के आधार पर सबसे अधिक आग से दुर्घटनाएं भी चिड़गांव तहसील के तहत ही होती आई है। अब आगजनी की घटनाओं में यहां पर हजारों लोग बेघर हो गए है और करोड़ों की संपत्ति भी नष्ट हो चुकी है। लोगों की मांग कई साल से चल रही है कि चिड़गांव तहसील में दमकल केंद्र होना चाहिए, बावजूद इतनी घटनाओं के बाद भी लोगों को सहानुभुति के सिवाय यह महरहम आज तक नहीं मिला है।
घनी आबादी वाला है चिड़गांव
रोहडू उपमंडल के तहत आने वाली चिड़गांव तहसील का क्षेत्र कई वर्ग किलोमीटर में फैला है, जिसमें 28 ग्राम पंचायतें हैं। इन ग्राम पंचायतों में जहां पर गांव की संख्या भी अधिक है वहीं अधिक घनत्व होने से यहां पर मकानों का जाल भी बिछा है। इन हालात में छोटी सी लापरवाही अक्सर बड़ी घटना को न्योता दे रही है। आग को लेकर वह क्षेत्र का काफी संवेदनशील भी है। रोहडू और जुब्बल में दमकल केंद्र दूर होने के कारण इस तहसील के गांव तक दमकल गाड़ी पहुंचने काफी देर हो जाती है और तब तक काफी नुकसान हो चुका होता है।
आग में जिंदा जलने का यह पहला मामला
चिड़गांव तहसील के तहत आग से हुए बड़े हादसों में किसी महिला के जलने का यह पहला मामला है। महिला के जिंदा जलने के बाद गांव व क्षेत्र में भी शोक की लहर छा गई है।
कैसे होगा राहत कार्य
चिड़गांव तहसील में अब तक आगजनी से हुए नुकसान की भरपाई के लिए समाजसेवियों ने भी दोनों हाथ खोलकर सहायता की है, लेकिन कोविड-19 के कारण डर से सहमे और लाकडाउन के दौरान आर्थिक मंदी झेल रहे लोगों की सहायता बेघर हुए लोगों तक कैसे पहुंचेगी। कहीं न कहीं यह मलाल भी अब यहां के लोगों को सता रहा है।
The post चिड़गांव को चाहिए फायर ब्रिगेड appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Post a Comment