अब पेखा में लपटों का तांडव; युवक जिंदा जला, प्राचीन मंदिर व सात घर जलकर राख, घायलों को रोहडू अस्पताल किया रैफर
रोहडू-रोहडू उपमंडल के चिड़गांव तहसील में पेखा पंचायत के शिष्टवाड़ी गांव में बुधवार सुबह करीब आगजनी की घटना हुई। आग में गांव के सात मकान जलकर राख हो गए हैं। यह चिड़गांव तहसील में दस दिन के अंदर चौथी बार हुआ अग्निकांड है, जिसमें 13 परिवार बेघर हुए हैं। वहीं, आग में एक युवक जिंदा जला है। दो अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीन सौ वर्ष पुराना शिष्टवाड़ी नाग देवता का मंदिर भी आग की भेंट चढ़ गया है। इस आपदा में करोड़ों रुपए की संपत्ति जलकर राख हुई है। चिड़गांव तहसील में दस दिनों के अंदर होने वाली यह चौथी आगजनी की घटना है। प्रशासन की ओर से उपायुक्त शिमला अमित कश्यप व एसडीएम रोहडू बीआर शर्मा मौके पर पहुंचे। प्रभावित परिवारों को फौरी राहत दी। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आगजनी बुधवार सुबह करीब तीन बजे हुई। गांव में सभी लोग आराम से सो रहे थे, तभी मनीष दांउटू को शीशे चटकने की आवाज आने लगी। वह तुरंत कमरे से बाहर आया तो देखा कि घर का अधिकांश हिस्सा आग की लपटों से घिरा हुआ है। वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। घरों को आग की लपटों को उठता देख सभी ग्रामीण अपने-अपने घरों से बाहर भागे। युवक विकास दांउटू भी घर से बाहर आने की कोशिश करने लगा। स्थानीय ग्रामीणों ने भी उसे बाहर निकालने के प्रयास किए। लेकिन आग की तेज लपटों के कारण विकास को घर से बाहर नहीं निकाला जा सका। घटना में विकास जिंदा ही घर के अंदर जल गया। सुखचैन दांउटू व सुरेंद्र दांउटू जलते हुए मकान से बाहर निकलने में तो कामयाब हुए। लेकिन इस दौरान वह दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों बेहोशी की अवस्था में ग्रामीणों को घर के आंगन में मिले। जिसके बाद दोनों को घायल अवस्था में प्राथमिक उपचार के लिए संदासू अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें सिविल अस्पताल रोहडू रैफर किया गया। सूचना मिलने के बाद रोहडू व जुब्बल से दमकल वाहन घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घटनास्थल पर दमकल वाहन करीब साढ़े चार बजे पहुंचा। लेकिन तब तक सात मकान आग की भेंट चढ़ चुके है। हालांकि दमकल वाहन की मदद से गांव के शेष एक दर्जन मकानों को आग में जलने से बचा लिया गया है। घटना में गांव में शिष्टवाड़ी देवता का तीन सौ वर्ष पुराना प्राचीन मंदिर भी जलकर राख हो गया। मंदिर में रखी देवता की मूर्तियां व अन्य कीमती सामान भी जलकर राख हो गया है। उपायुक्त शिमला अमित कश्यप व एसडीएम रोहडू बीआर शर्मा ने स्वयं मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया तथा प्रभावित परिवारों को पांच-पांच हजार रुपए की फौरी राहत, बरतन, दो-दो कंबल व राशन सामग्री भी बांटी गई है। इस मौके पर उनके साथ डीएसपी रोहडू सुनील नेगी, तहसीलदार चिड़गांव नरोत्तम गौड व थाना प्रभारी चिड़गांव अश्वनी ठाकुर भी उपस्थित रहे।
The post दहकता चिड़गांव…10 दिन में चार अग्निकांड appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Post a Comment