रामपुर बुशहर – मौसम के तेवर से इस बार स्टोन फू्रट पर संकट के बादल छा सकते हैं। बीते कुछ वर्षों से लगातार मौसम की मार किसानों व बागबानों पर पड़ रही है। इस बार सर्दियों मे सही समय पर हुई बर्फबारी और बारिश से जहां किसान बागबान काफी खुश थे वहीं अब मौसम खुलने का नाम ही नहीं ले रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो ये ठंड किसानों व बागबानों की वर्ष की सबसे पहली नकदी स्टोन फ्रूट की फसल पर भारी संकट खड़ा कर सकती है। मौजूदा समय स्टोन फू्रट की फ्लावरिंग स्टेज का रहता है। अगर इसी तरह से तापमान में भारी गिरावट रही तो निश्चित तौर से प्लम और बादाम की फसल चौपट हो सकती है। गौर रहे कि आजकल रामपुर व आसपास के इलाकों में प्लम और बादाम की फ्लावरिंग शबाब पर है। ऐसे में फ्लावरिंग के समय मौसम का अनुकूल रहना जरूरी होता है। बागबानी विशेषज्ञ की मानें तो फ्लावरिंग के समय तापमान सामान्य रहना चाहिए, तभी फसल की पैदावार अच्छी हो सकती है। लेकिन आजकल पारे में खासा उतार चढ़ाव चल रहा है। ऐसे में फ्लावरिंग पर विपरीत असर पड़ना स्वाभाविक है। खासकर पारा लुढ़कने से मधुमख्यों की परागण क्रिया सही ढ़ग से नहीं हो पाती। ऐसे में परांगण क्रिया को बेहतर फसल के लिए काफी अहम माना जाता है। बताते चलें कि रामपुर खंड की भड़ावली पंचायत के गांव राजपुरा, मशेली व खखरोला, रचोली पंचायत और दत्तनगर पंचायत के आसपास के क्षेत्र में प्लम की फ्लावरिंग जोरों शोरों पर है। लेकिन बागबान मौसम के बदले मिजाज से खासे चिंतित है। बागबानों का कहना है कि प्लावरिंग के दौरान बारिश का होना फसल को प्रभावित कर सकता है। यदि मौसम का सिलसिला ऐसा ही जारी रहा तो इस बार बादाम व प्लम की फसल चौपट हो सकती है। बारिश होने से बादाम और प्लम की फ्लावरिंग पर विपरीत असर पड़ रहा है। क्षेत्र के बागबानों का कहना है कि पूरे वर्ष की मेहनत मौसम पर आकर टिक गई है, जिस तरह से सर्दियों मे इस बार का मौसम चल रहा था उसे देखकर लग रहा था कि इस बार अच्छी फसल होगी, लेकिन ऐन वक्त पर मौसम साथ नहीं दे रहा है। फ्लावरिंग पर इंद्र देव के बरसने से पूरी साल की मेहनत तबाह होने के कगार पर है। बागबानी विभाग के अनुसार फ्लावरिंग पर ज्यादा ठंड पड़ना फसल के लिए घातक सिद्व हो सकता है।
The post स्टोन फू्रट पर छाए संकट के बादल appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Post a Comment