समर्थक को मिली इकाई की कमान, अब वीरभद्र खेमे से तालमेल बनाना रहेगी चुनौती
शिमला-शिमला शहर में कांग्रेस की कमान आनंद शर्मा के समर्थक को मिली है। पिछले कई साल से यहां पर आनंद समर्थक ही शहरी कांगे्रस को चला रहे हैं। जितेंद्र चौधरी जिन्हें शहरी कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है उसी वार्ड से ताल्लुख रखते हैं, जहां से आनंद शर्मा हैं। भराड़ी वार्ड से चौधरी खुद पार्षद रह चुके हैं और अब उनकी पत्नी यहां से पार्षद हैं। शहरी कांग्रेस में आनंद शर्मा का दबदबा काफी समय से चल रहा है, लेकिन पहले उनके व वीरभद्र सिंह में काफी ज्यादा मनमुटाव था, जो अब समाप्त हो चुका है। अब दोनों नेता साथ दिखाई देते हैं। यहां तक कि प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष के पद पर कुलदीप सिंह राठौर की ताजपोशी में भी वीरभद्र सिंह व आनंद शर्मा दोनों का बराबर का हाथ रहा है। इन दोनों वरिष्ठ नेताओं में दूरियों के कारण शिमला में कांग्रेस कमजोर हुई क्योंकि विधानसभा चुनाव के दौरान दोनों के समर्थक आपस में टकरा गए, जिसका फायदा भाजपा ने उठाया। मगर अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। शहरी कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति में वीरभद्र सिंह की पसंद भी रही है, जिससे साफ है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में अब प्रत्याशी को लेकर दोनों नेताओं में मनमुटाव नहीं रहेगा। ऐसे में नए शहरी कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी कार्यकर्ताओं को कितना जोड़कर रख सकेंगे यह देखना होगा। यहां पर संगठन के कई टुकडे़ हैं। कार्यकर्ता अपने-अपने पसंदीदा नेताओं के साथ चलते हैं जिसका नुकसान विधानसभा चुनाव में हो चुका है। आगे ऐसा ना हो यह सबसे बड़ी चुनौती है। शहर में कांग्रेस को एकजुट करना और सभी धड़ों को एक झंडे के नीचे चलाना जरूरी है जिसकी पहल कुलदीप सिंह राठौर ने की है और अब जितेन्द्र चौधरी को इसे आगे बढ़ाना है। सभी को साथ लेकर चलना उनके लिए जरूरी है। कांग्रेस ने चौधरी को कमान देने से पहले कई पहलूओं पर गौर किया है। वह व्यवसायियों के बीच में से हैं और उनमें पकड़ रखते हैं। भाजपा में भी कुछ ऐसा ही है। इसके साथ चौधरी भराड़ी वार्ड में अच्छी खासी पैठ रखते हैं जो सरल स्वभाव के साथ मृदुभाषी भी हैं। एक वक्त में वह महापौर पद के दावेदार भी रहे हैं। आनंद शर्मा के साथ उनकी नजदीकियां हैं वहीं शहरी कार्यकर्ताओं में अच्छी पहचान भी है। देखना होगा कि उनकी यह सब खूबियां शहर में कांग्रेस को किस राह पर ले जाती है।
The post शहरी कांग्रेस में आनंद शर्मा की धाक appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Post a Comment