शहर में रेहड़ी फड़ी वालों पर कार्रवाई

शिमला – शिमला में कोरोना वायरस के खौफ को देखते हुए नगर निगम प्रशासन भी हरकत में आ गया है। नगर निगम प्रशासन ने इन दिनों सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि मास्क और ग्लब्ज पहन कर काम करें, हाथों को साफ रखें। इसके अलावा खुले में फास्ट फूड, रेहडी फड़ी वालों पर उचित कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को भी निगम ने खुले में फास्ट फूड़ बेचने वालों को उठाया। कोरोना वायरस के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए निगम ने शहर में जगह-जगह सुरक्षा कर्मियों को भी तैनात किया है, ताकि खुले में खाने का सामान न बेचा जाए। इसके लिए निगम ने गुरुवार को भी शहर में खुले में खाने का सामान बेचने वालों को उठाया। निगम की टीम द्वारा बालूगंज और समरहिल क्षेत्र में भी रेहड़ी फड़ी को उठाया गया। इसके बाद भी यदि कोई खुले में खाने का सामान बेचता पाया जाता है तो उस पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कोरोना वायरस को लेकर सरकार से मिले दिशा-निर्देशों के बाद नगर निगम ने शहर को सेनेटाइज करने का काम शुरू कर दिया है। जगह-जगह सफाई अभियान चलाया जा रहा है। निगम के कर्मचारियों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर सेनेटाइजर स्प्रे किया जा रहा है।आयुक्त रोज शाम छह बजे राहत कार्यों पर रिपोर्ट भी ले रहे हैं। निगम आयुक्त पंकज राय ने बताया कि शहर के सभी पार्क बंद हैं। इसके बावजूद इनमें छिड़काव किया गया है ताकि वायरस न रहे। शौचालय, सीढि़यां, नालियां, रेलिंग, बैंच आदि पर छिड़काव किया जा रहा है। यह प्रक्रिया आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी। तहबाजारी इंस्पेक्टर ओपी ठाकुर की अगवाई में निगम की टीम ने आईजीएमसी, संजौली, नव बहार, कंगनाधार, खलीणी, बीसीएस, पंथाघाटी, न्यू शिमला में जाकर दो दर्जन से अधिक तहबाजारियों को उठा दिया।

रिज-माल रोड-टाउनहाल को किया सेनेटाइज

रिज मैदान पर रेन शेल्टर, टका बैंच एरिया, दौलत सिंह पार्क, झांसी पार्क में सेनेटाइजर का छिड़काव किया गया। पार्क में लगे बैंच, रेलिंग में यह छिड़काव किया। गेयटी, टाउनहाल जैसे अहम भवनों की सीढि़यों पर भी छिड़काव किया है। मालरोड, रिज मैदान, लोअर बाजार की सीढि़यों, नालियों में छिड़काव किया गया। स्थानीय पार्षद ने भी अपने वार्ड की सीढि़यों और शौचालयों की चेकिंग की और छिड़काव करवाया जा रहा है।

The post शहर में रेहड़ी फड़ी वालों पर कार्रवाई appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.

Post a Comment

Latest
Total Pageviews