नेरवा – नेरवा रेस्ट हाउस के समीप लगातार हो रहा भू-स्खलन लोगों के लिए सर दर्द बन चुका है। जरा सी बारिश होने पर इस स्थान पर मलवा गिरना शुरू हो जाता है। इस वजह से वाहनों के साथ साथ पैदल चलने वाले राहगीरों को भी इस स्थान पर जान जोखिम में डाल कर सफर करना पड़ रहा है। इस स्थान से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे पैदल गुजरते हैं। भू-स्खलन होने और इस स्थान पर लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने के चलते अभिभावकों को अपने बच्चों को घर से स्कूल और स्कूल से घर पहुंचाना दुश्वार हो चुका है। बुधवार रात को भी भू-स्खलन की वजह से नेरवा शिमला मार्ग बंद हो गया एवं बस स्टैंड के नजदीक दो मकानों में भी मलवा घुस गया। विभाग ने मशीन लगा कर नेरवा शिमला मुख्य मार्ग को तो सुबह करीब नौ बजे बहाल कर दिया, जबकि बस स्टैंड से होकर जाने वाला रुसलाह एवं अस्पताल मार्ग दोपहर तक बंद रहा। इस मार्ग के बंद होने से आम लोगों के साथ-साथ मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ी। बार बार हो रहे भू-स्खलन से बस स्टैंड एवं समीप के घरों में हर समय किसी हादसे का खतरा बना हुआ है। बारिश होने पर इस स्थान पर रह रहे लोगों को जाग-जाग कर रातें गुजारनी पड़ रही है। गौर हो कि गत वर्ष 17 अगस्त को हुई भारी बारिश के दौरान रेस्ट हाउस नेरवा के समीप भू-स्खलन हो गया था। उस दौरान बस स्टैंड एवं निजी घरों के साथ साथ वाहनों को भी लाखों रुपए की क्षति हुई थी। इसके बाद ज़रा सी बारिश होने पर इस स्थान पर भू-स्खलन हो जाता है एवं इससे सरकारी एवं निजी संपत्ति को लगातार नुकसान हो रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि विभाग छह माह बीत जाने पर भी इस स्थान पर लगातार हो रहे भू-स्खलन को रोकने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं कर पाया है। लोगों ने सरकार से गुहार लगाईं है कि भू-स्खलन को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाए।
The post बार-बार हो रहे भू-स्खलन ने डराए लोग appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Post a Comment