फीडबैक लेने दिल्ली गए कांग्रेस मुखिया
शिमला —प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर फीडबैक देने के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली गए हैं। वह सोमवार को दिल्ली गए, जहां तीन अलग-अलग बैठकें पार्टी हाइकमान के साथ होनी हैं। नौ जनवरी को ये बैठकें रखी गई हैं, जिसमें हिमाचल का फीडबैक ली जाएगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पिछले दिनों शिमला आए हुए थे, जिन्होंने यहां अपने स्तर पर भी फीडबैक ली है। पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर आगे क्या कार्यक्रम होंगे और किस रणनीति के साथ राज्यों में चुनावी अभियान चलेगा, इस पर दिल्ली में विस्तार से बात की जाएगी। वहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के समन्वयकों की पहली बैठक होगी, जिसमें लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी। इस बैठक में राज्यों में चल रही गतिविधियों को लेकर बात होगी और प्रदेशाध्यक्षों से उनकी फीडबैक ली जाएगी। हिमाचल के बारे में भी सुखविंदर सिंह सुक्खू वहां चर्चा करेंगे। यहां अभी तक कांग्रेस के कौन-कौन से कार्यक्रम आयोजित किए हैं और उनमें किस तरह का रिस्पांस मिला है, इस पर बात होगी। साथ ही विरोधी दल की रणनीति भी यहां साझा की जाएगी। इसके बाद कोषाध्यक्षों की बैठकें होंगी, जिसमें जनसंपर्क अभियान को लेकर चर्चा की जाएगी। इसमें भी राज्यों को निर्देश दिए जाएंगे। पिछले दिनों कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान चलाया गया था और अधिक से अधिक लोगों को इसमें जोड़ने को कहा गया। इस जनसंपर्क अभियान के बूते प्रदेश कांग्रेस ने कितना पैसा जुटाया है, इसकी जानकारी ली जाएगी। कांग्रेस वर्कर्ज को कुछ रसीद बुक्स हाइकमान की तरफ से भेजी गई थीं, जिसमें पैसा जुटाया जाना था। इसकी ब्यौरा भी सुक्खू रखेंगे। इसके अलावा वहां शक्ति ऐप को लेकर चर्चा होगी। शक्ति ऐप के को-ऑर्डिनेटर राज्यों से जानकारी लेंगे।
टारगेट पूरा नहीं
हिमाचल को शक्ति ऐप में दो लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया था, मगर यह लक्ष्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है। इस पर भी सुक्खू राष्ट्रीय कमेटी के सामने फीडबैक देंगे।
संक्रांति से पहले चुनावी रोडमैप बनाएगी भाजपा
शिमला —देश में इस साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए कम समय रहते देख अब भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर भी बैठकों का दौर शुरू करने जा रही है। संक्रांति से पहले दिल्ली में लोकसभा चुनावों के लिए रोडमैप तैयार होगा। जानकारी के मुताबिक दस से 12 जनवरी तक दिल्ली में पार्टी की दो अहम बैठकें आयोजित होनी हैं, जिसमें मुख्य रूप से दस जनवरी को राष्ट्रीय कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसमें सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश के पार्टी अध्यक्ष सहित पूर्व मुख्यमंत्री भाग लेंगे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल शमिल होंगे। इस बैठक में सीएम जयराम ठाकुर सरकार और पार्टी अध्यक्ष सत्ती संगठन की गतिविधियों का पूरा ब्यौरा प्रस्तुत करेंगे। उसके बाद 11 और 12 जनवरी को दिल्ली में ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पार्टी अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक, संगठन मंत्रियों सहित सभी सांसद विराजमान होंगे। बैठक में लोकसभा चुनावों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी और अभी राज्यों में सरकार और संगठन की सभी गतिविधियों पर विचार-विमर्श होगा। सूत्रों के मुताबिक बैठक में संगठन के पदाधिकारियों को चुनावों के लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी जाएंगी। दिल्ली में तीन दिन तक चलने वाली अहम बैठकों के लिए सीएम व अन्य पदाधिकारी नौ जनवरी को ही दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
टिकट मसले पर भी होगी चर्चा
लोकसभा चुनावों के लिए टिकट को लेकर दिल्ली में ही अहम चर्चा होगी। हालांकि पार्टी हाइकमान चुनावी अधिसूचना से पहले टिकट फाइनल करेगा, लेकिन 11 और 12 जनवरी को दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संभावित प्रत्याशियों पर चर्चा हो सकती है। राजनीति में अभी भाजपा की ओर से टिकट को लेकर कोई हल्ला नहीं है, मगर चार में से दो सीटों पर भाजपा के नए चेहरे मैदान में उतारने की तैयारी हो चुकी है। अभी तक हमीरपुर सीट से अनुराग को छोड़ अन्य सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर असमंजस बरकरार है।
28 को हुंकार भरेंगे शाह
हमीरपुर संसदीय सीट पर पिछले कई वर्षों से कब्जा जमाए रखने वाले भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर की एक बार फिर जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह 28 जनवरी को हुंकार भरेंगे। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में अमित शाह मिशन रिपीट और हिमाचल में मिशन चार-चार का लक्ष्य हासिल करने के लिए कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स देंगे। इसी संसदीय क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी पन्ना प्रमुख सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। पूर्व में हुए लोकसभा चुनावों पर गौर करें, तो हमीरपुर संसदीय सीट पर भाजपा का ही कब्जा रहा। इस बार के चुनाव में फिर से जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इस संसदीय क्षेत्र के 17 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ-साथ चुनावी पाठ भी पढ़ाएंगे।
The post दिल्ली में बनेगी चुनावों की रणनीति appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/01/%e0%a4%a6%e0%a4%bf%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%ac%e0%a4%a8%e0%a5%87%e0%a4%97%e0%a5%80-%e0%a4%9a%e0%a5%81%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%b5%e0%a5%8b%e0%a4%82/
Post a Comment