मनाली में पीडब्ल्यूडी डिवीजन

मुख्यमंत्री का ऐलान, जिला के एंट्री प्वाइंट्स पर हॉलीवुड की तर्ज पर लिखेंगे कुल्लू-मनाली

मनाली – पर्यटन की दृष्टि से कुल्लू घाटी की ब्रांडिंग के लिए कुल्लू और मनाली के एंट्री प्वाइंट्स के आसपास किसी उपयुक्त ऊंची जगह पर कुल्लू-मनाली के नाम हॉलवुड की तर्ज पर बड़े अक्षरों में लिखे जाएंगे। ऊंची चोटियों पर बड़े अक्षरों में ये नाम रात को भी खूब चमचमाएंगे और पर्यटकों को आकर्षित करेंगे। जिला प्रशासन ने इसके लिए एक योजना का खाका तैयार किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को मनाली में विंटर कार्निवाल के उद्घाटन अवसर पर इस योजना को अमलीजामा पहनाने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने मनाली में लोक निर्माण विभाग का मंडल खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि मनाली में देश-विदेश से लोग आते हैं। ऐसे में यहां आने वाले सैलानियों को हर सुविधा देना सरकार का पहला कदम है। उन्होंने कहा कि विंटर कार्निवाल में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों एवं इसकी लोकप्रियता में काफी विस्तार हुआ है। सैलानियों के लिए भी यह आयोजन मनोरंजक गतिविधियों से भरा है। जब से इस उत्सव की शुरुआत हुई है, इसका आयोजन केवल मनाली में ही किया जा रहा है। समय के साथ विंटर कार्निवल में बहुत कुछ नया जुड़ा है। हालांकि इसका मुख्य उद्देश्य लोक नृत्य व गीत संगीत के माध्यम से राज्य की संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता हुई है कि क्षेत्र के 120 से अधिक महिला मंडलों ने स्वच्छता, नशीले पदार्थों के दुरुपयोग, गो संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, कन्या भू्रण हत्या के बारे में जागरूकता तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न विषयों पर आधारित विशाल जुलूस में भाग लिया। उन्होंने कहा कि संदेश महत्त्वपूर्ण ही नहीं थे, बल्कि महिलाओं द्वारा शानदार ढंग से इन्हें प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल वर्तमान राज्य सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया, बल्कि धर्मशाला में सरकार के एक वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह भी पहुंचे। उन्होंने कार्निवल में भाग लेने वाले प्रत्येक महिला मंडल को आठ हजार रुपए की घोषणा की। इससे पहले उन्हें छह हजार रुपए दिए जाते थे। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजकों को अपनी ऐच्छिक निधि से एक लाख रुपये की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य वन विभाग के कैलेंडर का भी विमोचन किया। उपायुक्त यूनस ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की राज्य महामंत्री धनेश्वरी ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन, एसपी शालिनी अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

मनु की नगरी में बनाया जाएगा नया ऑडिटोरियम

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनाली में नए ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने माध्यमिक पाठशाला बसतौरी को उच्च वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पलचान को 85 लाख तथा प्राथमिक पाठशाला को 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा नग्गर स्कूल में विज्ञान खंड का निर्माण किया जाएगा।

The post मनाली में पीडब्ल्यूडी डिवीजन appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/01/%e0%a4%ae%e0%a4%a8%e0%a4%be%e0%a4%b2%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%aa%e0%a5%80%e0%a4%a1%e0%a4%ac%e0%a5%8d%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%af%e0%a5%82%e0%a4%a1%e0%a5%80-%e0%a4%a1%e0%a4%bf/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews