हिमाचल प्रदेश में सभी पर्यटक स्थलों पर देशी-विदेशी सैलानियों ने देर रात तक झूम-झूमकर मनाया नए साल का जश्न
शिमला –हिमाचल में सोमवार रात सर्द फिजाओं के बीच नववर्ष का इस्तकबाल गर्मजोशी से किया गया। नए साल के आगमन पर हिमाचल देर रात तक जश्न में डूबा रहा। प्रदेश वासियों सहित बाहरी राज्यों से सैरगाहों में पहुंचे सैलानियों ने नववर्ष की पूर्व संध्या पर जमकर जश्न मनाया, जिससे प्रदेश में उत्सव जैसा माहौल रहा। राजधानी शिमला के साथ-साथ मनाली, कुल्लू, डलहौजी, धर्मशाला, मकलोडगंज, कसौली, नारकंडा सहित राज्य के अन्य प्रमुख पर्यटक स्थलों पर काफी संख्या में सैलानी पहुंचे, जिन्होंने प्रदेश की इन सैरगाहों में ठंडी हवाओं में न्यू ईयर सेलिब्रेशन किया। सैलानियों की आवभगत के लिए प्रदेश के होटलों में मनोरंजन के विशेष इंतजाम किए गए थे। होटलों में सैलानियों के लिए डीजे पार्टी का आयोजन किया गया। सैलानियों ने भी इन डीजे पार्टियों में फिल्मी व पहाड़ी तरानों पर झूमकर खूब मस्ती की। इस दौरान सभी को साल की खट्टी-मीठी यादों को भुलाकर नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए देखा गया। प्रदेश भर में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग नववर्ष की पूर्व संध्या में सैलानियों की भारी भीड़ देखकर खुश नजर आए। ऐसे में नववर्ष पर बर्फबारी की संभावना को देखते हुए पर्यटन कारोबारियों की बांछे खिल गई हैं। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार अगर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत नववर्ष पर राज्य में बर्फबारी होती है तो प्रदेश में विंटर सीजन लंबा व अच्छा चलेगा।
शिमला में सेलिबे्रशन की धूम
शिमला में नववर्ष का जश्न के साथ स्वागत किया गया। राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सैलानियों ने देर शाम तक जश्न मनाया। सैलानियों सहित स्थानीय लोगों ने जश्न के माध्यम से वर्ष 2018 को अलविदा कहकर साल 2019 का स्वागत किया।
टै्रफिक जाम बना आफत
प्रदेश की सैरगाहों में काफी संख्या में सैलानियों के उमड़ने से टै्रफिक जाम की समस्या भी पेश आई। सैलानी बड़ी संख्या में वाहन लेकर यहां पहुंचे, जिनसे एनएच पर भी जाम की स्थिति बनी रही, सैरगाहों में तो सुबह-शाम को वाहन रेंगते दिखे।
इस साल ज्यादा सैलानी
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सूद ने बताया कि नववर्ष की सेलिब्रेशन के लिए इस मर्तबा बीते साल के मुकाबले ज्यादा सैलानी पहुंचे हैं। शिमला, मनाली व डलहौजी जैसे स्थलों पर होटल सैलानियों से पैक रहे।
The post सर्द फिजाओं के बीच गर्मजोशी से नववर्ष का स्वागत appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/01/%e0%a4%b8%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%a6-%e0%a4%ab%e0%a4%bf%e0%a4%9c%e0%a4%be%e0%a4%93%e0%a4%82-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%ac%e0%a5%80%e0%a4%9a-%e0%a4%97%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%ae%e0%a4%9c%e0%a5%8b/
Post a Comment