शिमला —हिल्सक्वीन पर भी कुदरत मेहरबान हो गई है। लंबे इंतजार के बाद रविवार को शिमला में साल का पहला हिमपात हुआ। शिमला में 11 बजे के करीब बर्फबारी शुरू हुई। आसमान से बर्फ गिरता देखकर सैलानी रिज व मालरोड पर जुटना शुरू हो गए थे। इसके बाद दोपहर तक लगातार बर्फबारी का दौर चलता रहा। सैलानियों ने गर्मजोशी से बर्फ का स्वागत किया और घंटों बर्फ में मौज मस्ती की। बाहरी राज्यों से बर्फबारी के दीदार की तमन्ना लेकर सैलानी वीकेंड पर ही शिमला में जुटने शुरू हो गए थे। रविवार सुबह जब उन्होंने आसमान से बर्फ के फाहे गिरते देखे तो उनकी हसरत पूरी हो गई। सैलानियों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था। सैलानियों ने टोलियोें में मौज मस्ती कर खुशियां मनाईं। शिमला के साथ-साथ पर्यटक स्थल कुफरी, फागू, नारकंडा, मतियाना और खड़ा पत्थर में बर्फबारी में बीते शनिवार शाम के समय ही हल्की बर्फबारी शुरू हो गई थी। रविवार को भी उक्त पर्यटक स्थलों पर ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई। देखते ही देखते पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली। हालांकि 12 दिसंबर को शिमला व ऊपरी शिमला मेंे हिमपात हुआ था।
शिमला पहुंचे सैलानी
शिमला में वीकेंड पर काफी संख्या में सैलानी पहुंचे हुए थे। रविवार सबह शिमला में बर्फबारी की सूचना मिलने के बाद बाहरी राज्यों से काफी संख्या में सैलानियों के पहुंचने की सूचना है। सैलानियों की आमद में दोगुनी बढ़ोतरी आई है। सैलानियों को देखकर पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं।
12 दिसंबर को हुआ था हिमपात
शिमला में इससे पहले 12 दिसंबर को बर्फबारी हुई थी। इसके बाद क्रिसमस व नववर्ष पर शिमला में मौसम साफ बना रहा। हालांकि क्रिसमस व नववर्ष पर सैकड़ों सैलानी बर्फबारी की हसरत लेकर शिमला आए थे। मगर उनकी हसरत पूरी नहीं हो पाई थी। वीकेंड पर शिमला आए सैलानी बर्फ को देखकर बाग-बाग हो गए।
समूचा जिला शीतलहर की चपेट में
बर्फबारी के बाद समूचा जिला शीतलहर की चपेट में आ गया है। अधिकतम तापमान में एकाएक भारी गिरावट आने से शिमला में दिन के समय भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि जिला में सुबह व शाम के समय तो हाड कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।
प्रशासन ने दिखाई मुस्तैदी
शिमला में बर्फबारी से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने पहले से ही तैयारियां कर ली थीं। बर्फबारी से निपटने के लिए शिमला को सेक्टरों में बांटा गया था। इसमें कर्मचारी व मशीनरी पहले से ही तैनात कर दी गई थी। रविवार को जैसे ही आसमान से बर्फ गिरी तो प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत मार्गों को बहाल कर दिया। शिमला में पैदल मार्गों सहित अन्य सड़कों पर दिनभर वाहनों की आवाजाही बहाल रही।
कुफरी, नारकंडा में धूम
सैलानियों ने पर्यटक स्थल कुफरी व नारकंडा में भी बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। सैलानियों ने बर्फ से खेलकर खुशियां मनाईं। हालांकि ताजा बर्फबारी के बाद शिमला सहित ऊपरी शिमला का न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री में चल रहा है। मगर कड़ाके की ठंड के बावजूद सैलानी बर्फ में मौज मस्ती करते रहे।
खूब चला फोटोग्राफी का दौर
कुफरी, नारकंडा व शिमला में सैलानियों ने बर्फ के बीच खूब फोटोग्राफी की। अधिकतर सैलानी बर्फ में सेल्फी खींचते दिखे। हर ओर सैलानी मौज मस्ती करते हुए दिखे।
The post शिमला में साल का पहला हिमपात appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story> http://www.divyahimachal.com
Post a Comment