शिमला —जिला शिमला में रविवार को बर्फबारी की उम्मीद जगी है। हालांकि शनिवार को दिन भर आसमान पर बादल छाए रहे, लेकिन हिमपात नहीं हुआ। शिमला जिला में शनिवार को मौसम के तेवर कड़े बने रहे। आसमान में दिन भर काले बादलों ने डेरा डाले रखा। बादलों के घिरे रहने से शिमला के अधिकतम तापमान में फिर से गिरावट आई है। पारा लुढ़कने से शिमला में दिन के समय भी कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ। शिमला में वीकेंड पर सुबह के समय हवा के साथ बर्फ के फाहे भी गिरे। हालांकि इसके बाद शिमला में बारिश-बर्फबारी नहीं हुई। मगर दिनभर मौसम खराब बना रहा। ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट आई है। शिमला के न्यूनतम तापमान में बीते 24 घंटों के मुकाबले उछाल आंका गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसमें बीते शुक्रवार के मुकाबले एक डिग्री तक का उछाल आया है। जबकि ऊपरी शिमला के न्यूनतम तापमान में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं आया है। कुफरी, नारकंडा का न्यूनतम तापमान अभी भी जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। मौसम विभाग की मानें तो शिमला में रविवार को भी मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान जिला के अनेक स्थानों पर बारिश-बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है। जिला में सात जनवरी को मौसम साफ बना रहेगा, जबकि विभाग ने 8 से 11 जनवरी तक फिर से मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान लगाया है।
न्यूनतम तापमान
शिमला का न्यूनतम तापमान 3.7, सुंदरनगर में 6.6, भुंतर 2.5, कल्पा -2.0, धर्मशाला 3.8, ऊना 7.4, नाहन 4.7, केलांग -7.0, सोलन 3.8, मनाली 1.0, मंडी 6.4, बिलासपुर 7.8, हमीरपुर 7.9, चंबा 6.5, डलहौजी -1.1 दर्ज किया गया।
नारकंडा और कुफरी में जमने लगा पानी
तापमान में भारी गिरावट के बाद पर्यटन स्थल नारकंडा और कुफरी में शनिवार को पानी जमने लगा। हालांकि बर्फ की उम्मीद के साथ सैकडों सैलानी इन क्षेत्रों की ओर दौड़ पड़े, लेकिन उन्हें निराश होना पड़ा। आसमान पर छाए बादलों के बीच ही सैलानियों ने जम कर मौज-मस्ती की। हालांकि मनाली सहित कुल्लू बेल्ट में जमकर बर्फबारी हुई है, लेकिन इस बार नारकंडा और कुफरी पर मौसम मेहरबान नहीं हुआ। ऐसे में संभावनाएं जताई जा रही हैं कि रविवार को ऊपरी शिमला सहित राजधानी में बर्फबारी होगी।
The post जिला में आज बर्फबारी की उम्मीद appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story> http://www.divyahimachal.com
Post a Comment