आनी —जिला कुल्लू के आनी उपमंडल के अंतर्गत कराड पंचायत के गांव कोठी सिसरी स्थित स्थानीय आराध्य देवता चोतरु नाग की दोमंजिला सराएं शनिवार देर सायं अचानक आग की भेंट चढ़ गईं। कुल 12 कमरों की ये सराय, जिनमें छह दुकानें भी शामिल थीं, जलकर राख हो गईं। इस अग्निकांड में करीब एक करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान है। स्थानीय पंचायत की प्रधान बंती देवी ने बताया कि आगजनी की घटना शनिवार देर रात्रि घटी, जब ग्रामीण बर्फबारी के कारण घरों में सो रहे थे। ग्रामीणों को आगजनी की घटना का पता रविवार सुबह चार बजे चला। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, मगर देखते ही देखते ये सराय जलकर राख हो गईं। 12 कमरों की इन सरायों में किराए पर दी गई छह दुकानें भी संपूर्ण सामान सहित राख हो गईं, जिनमें एक लोकमित्र केंद्र, एक बैंक मित्र केंद्र, एक किराना स्टोर, मेडिकल क्लीनिक, फोटो स्टूडियो तथा एक ढाबा चल रहा था। प्रधान बंती देवी ने बताया कि आनी से रविवार सुबह छह बजे अग्निश्मन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची थी, मगर तब तक सराएं पूरी तरह से जल चुकी थीं। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मौके पर पहुंचे एसडीएम आनी चेत सिंह ने कहा कि आगजनी से करीब एक करोड़ रुपए नुकसान हुआ है। इसमें मंदिर सरायों को 60 लाख और इसमें दुकानें चलाने वाले छह लोगों का करीब 32 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आगजनी से प्रभावित छह दुकानदारों को फौरी राहत के तौर पर तीन-तीन हजार की राहत राशि दी गई है। वहीं, उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने इस घटना पर दुःख प्रकट किया। विधायक किशोरी लाल सागर ने भी सरकार से मंदिर सरायों के पुनर्निर्माण को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है।
The post देवता चोतरू नाग की सराय स्वाह appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/01/%e0%a4%86%e0%a4%a8%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-%e0%a4%8f%e0%a4%95-%e0%a4%95%e0%a4%b0%e0%a5%8b%e0%a4%a1%e0%a4%bc-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%a8%e0%a5%81%e0%a4%95%e0%a4%b8%e0%a4%be%e0%a4%a8/
Post a Comment