पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में बूंदाबांदी से शीतलहर

शिमला —दो दिन से उमड़ रहे बादलों का सब्र आखिरकार शनिवार सुबह छलक ही गया और इसका असर पूरे प्रदेश में दिखा। जहां पहाड़ों पर बर्फ बिखरी, वहीं मैदान भी फुहारों से भीगते रहे। हालांकि अंतिम समाचार मिलने तक ताबड़तोड़ बारिश शुरू नहीं हुई थी, लेकिन काले-घने बादलों के तेवर झमाझम के साथ-साथ जोरदार हिमपात का इशारा देते रहे। इसी बीच मौसम के बिगड़े तेवर से हिमाचल के सभी क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। पहाड़ों पर बर्फबारी की खबर मिलते ही मैदानी राज्यों के लोग प्रदेश के पर्यटक स्थलों की ओर निकल पड़े। इसी का नतीजा रहा कि शनिवार शाम गाडि़यों की जोरदार आमद के चलते मनाली में तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसी तरह डलौहजी, कुफरी में भी हिमपात दर्ज किया गया। इसके अलावा रोहतांग, धौलाधार, चूड़धार व किन्नौर के कई क्षेत्रों सहित ऊंचे इलाकों में फाहे गिरने का क्रम जारी रहा।  जानकारी के अनुसार शनिवार को बारिश-बर्फबारी से समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। मनाली के कोठी में सर्वाधिक एक फुट हिमपात रिकार्ड किया गया है। इसके अलावा पूह में तीन इंच, घंडल में 10.5 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। मनाली, डलहौजी और किन्नौर की पर्वत शृंखलाओं पर भी बर्फबारी हुई है। मौसम में करवट आने से समूचा प्रदेश शीतलहर की गिरफ्त में आ गया है। पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी, मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और समूचे राज्य में बादलों के घिरे रहने से अधिकतम तापमान में एक से छह डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई है।  डलहौजी का पारा लुढ़ककर 1.0 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि केलांग शून्य डिग्री में चल रहा है। सोलन, बिलासपुर के अधिकतम तापमान में भी 6.0 डिग्री, शिमला, कांगड़ा, हमीरपुर में 5.0, सुंदरनगर, नाहन व शिमला में 3.0 डिग्री सेल्सियस तक पारा लुढ़का है। अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आंकी गई है। हिमपात के बाद रोहतांग दर्रा फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। बर्फबारी के चलते लाहुल-स्पीति सहित पूह में भी कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही।

आज भी बारिश-बर्फबारी 

मौसम विभाग की मानें तो रविवार को भी समूचे प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा। सात जनवरी को मौसम शुष्क रहेगा। पहाड़ों पर आठ से 11 जनवरी तक फिर से बारिश-बर्फबारी होगी। मैदानी इलाकों में नौ व दस जनवरी को मौसम साफ बना रहेगा, जबकि 11 को मैदानी इलाकों में भी

बारिश होगी।

The post पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में बूंदाबांदी से शीतलहर appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/01/%e0%a4%aa%e0%a4%b9%e0%a4%be%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a5%8b%e0%a4%82-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%ac%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%ab%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a5%80-%e0%a4%ae%e0%a5%88%e0%a4%a6%e0%a4%be-8/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews