मौसम विभाग का दावा, पहाड़ों पर दस तक चलेगा यही दौर
शिमला —प्रदेश में मौसम विभाग का पूर्वानुमान व चेतावनी सटीक नहीं बैठी है। विभाग ने शुक्रवार को राज्य के मैदानी इलाकों में ओलावृष्टि और पहाड़ों पर बर्फबारी की चेतावनी जारी की थी। हालांकि शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिन भर बादल घिरे रहे, लेकिन बादल बिन बरसे ही छंटने लग गए। ऐसे में प्रदेशवासियों का इंतजार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अब दो दिन मौसम कड़े तेवर दिखाएगा। विभाग ने राज्य में शनिवार व रविवार को भारी बारिश, ओलावृष्टि व बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य के मैदानी इलाकों में आठ जनवरी, जबकि पहाड़ों पर दस तक मौसम खराब रहेगा। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम के मिजाज बिगड़े दिखे। आसमान में काले बादलों ने डेरा डाले रखा, लेकिन प्रदेश में बारिश-बर्फबारी नहीं हो पाई। बादलों के घिरने से अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में गिरावट आने से समूचे राज्य में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। प्रदेश के आठ स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है, जबकि दो स्थानों पर न्यूनतम पारा शून्य डिग्री में रिकार्ड किया गया है। राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक-दो डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।
दिल्ली की धुंध में गगल नहीं पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट
गगल। एयर इंडिया की मार्निंग फ्लाइट दिल्ली में खराब मौसम के कारण शुक्रवार को गगल एयरपोर्ट पर लैंड नहीं हो सकी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण सिविल हवाई अड्डा गगल के निदेशक किशोर कुमार शर्मा ने बताया कि दिल्ली से गगल के लिए एयर इंडिया का प्रातः कालीन विमान दिल्ली में पड़ी धुंध के कारण उड़ान नहीं भर सका। इस एयर इंडिया के विमान की शाम पांच बजे दिल्ली से गगल आया और 5ः17 पर गगल से दिल्ली चला गया। उधर, एयर इंडिया के गगल हवाई अड्डा स्थित प्रबंधक मिलिन गुरुंग ने बताया कि जो यात्री प्रातःकालीन विमान सेवा में जाने थे, उन सभी यात्रियों को दोपहर वाले विमान से दिल्ली भेज दिया गया और बाकी यात्री शाम को पांच बजे आई एयर इंडिया की विमान सेवा द्वारा दिल्ली भेज दिए गए। ज्ञात रहे कि दो दिन पहले भी एयर इंडिया का प्रातः कालीन विमान दिल्ली से गगल तो आया, परंतु आसमान में ही चक्कर काट कर दिल्ली लौट गया था।
The post दो दिन ओले…बर्फ और बारिश appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/01/%e0%a4%a6%e0%a5%8b-%e0%a4%a6%e0%a4%bf%e0%a4%a8-%e0%a4%93%e0%a4%b2%e0%a5%87-%e0%a4%ac%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%ab-%e0%a4%94%e0%a4%b0-%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%b6/
Post a Comment