विभाग ने जारी की चेतावनी, प्रदेश में तीन दिन तक तीखे तेवर दिखाएगा मौसम
शिमला – हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार से मौसम कड़े तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग ने प्रदेश में तीन दिन तक भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। चेतावनी के तहत इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश व ओलावृष्टि होगी। विभाग ने सात जनवरी को भी मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है। पहाड़ों पर 9 जनवरी तक मौसम खराब रहेगा। जबकि मैदानी इलाकों सहित मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 8 व 9 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। मौसम में करवट आने से पहाड़ी प्रदेश फिर से शीतलहर की चपेट में आ गया है। बुधवार को हल्की बर्फबारी व बूंदाबांदी से समूचे राज्य में न्यूनतम तापमान लुढ़का है। राज्य के सुंदरनगर, भुंतर, कल्पा, केलांग, मनाली, सियोबाग और कुफरी का न्यूनतम तापमान फिर से गिरकर जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। प्रदेश के डलहौजी, चायल और सोलन में तापमान शून्य डिग्री में रिकार्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम आंका गया है, जबकि गुरुवार को दिनभर मौसम साफ बना रहा और धूप खिली रही। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि आगामी तीन दिनों के दौरान पहाड़ों पर भारी बारिश व बर्फबारी होगी। मैदानी इलाकों में ओलावृष्टि और बारिश होगी। राज्य में सात जनवरी को भी मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान राज्य में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ेगा। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 11.1, सुंदरनगर 19.0, भुंतर 16.8, कल्पा 6.4, धर्मशाला 12.8, ऊना 21.8, नाहन 17.4, सोलन 17.5, केलांग 1.0, कांगड़ा 20.2, बिलासपुर 17.0 हमीरपुर 18.0, चंबा 16.8 और डलहौजी में 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
कल्पा में सात सेंटीमीटर हुआ हिमपात
कल्पा में बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बर्फबारी रिकार्ड की गई। कल्पा में 7.0 सेंटीमीटर हिमपात हुआ। इसके अलावा डलहौजी व उदयपुर में 5.0, भरमौर में 2.0 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। राज्य के तीसा व मनाली में बारिश दर्ज की गई है। तीसा में 5.0 और मनाली में 3.0 मिलीमीटर बारिश हुई।
The post आज से बर्फबारी-बारिश को रहें तैयार appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/01/%e0%a4%86%e0%a4%9c-%e0%a4%b8%e0%a5%87-%e0%a4%ac%e0%a4%b0%e0%a5%8d%e0%a4%ab%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a5%80-%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a4%bf%e0%a4%b6-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%b0%e0%a4%b9/
Post a Comment