एक सीट; तीन उम्मीदवार, सुबह-शाम वोटर्स के द्वार

शिमला—नगर निगम के सांगटी वार्ड में होने वाले उप चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर चल रहा है। शनिवार यानी 12 जनवरी को होने वाली वोटिंग के लिए कम समय होते देख सभी उम्मीदवार मतदाताओं के घर-द्वार पहुंच रहे हैं। ऐसे में एक सीट पर तीन-तीन उम्मीदवार मैदान में हैं और सुबह से शाम तक प्रचार को तेज कर दिया है। नगर निगम शिमला के सांगटी वार्ड में होने वाले उप चुनाव में इस बार मुकाबला काफी रोचक होने के आसार हैं। हालांकि इस सीट पर पूर्व में कांग्रेस की मीरा शर्मा पार्षद रही हैं, लेकिन वे इस बार भाजपा से चुनावी मैदान में उतरी हैं। मीरा शर्मा द्वारा पार्षद पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद ही सांगटी वार्ड में उप चुनाव हो रहा है। भाजपा के पास पूर्व प्रत्याशी भी मौजूद थी, मगर भाजपा में शामिल हुई मीरा शर्मा पर ही पार्टी ने भरोसा जताया। इसे देखते हुए भाजपा में भीतरघात होने की पूरी संभावना है। सूत्रों के मुताबिक पूर्व के चुनाव में दूसरे नंबर पर रही पार्टी प्रत्याशी को नजर अंदाज कर मीरा शर्मा को प्रत्याशी बनाने से सांगटी वार्ड के पार्टी कार्यकर्ता नाराज चल रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस की बागी मीरा शर्मा को टिकट देने का खामियाजा बीजेपी को भुगतना पड़ सकता है। भाजपा कार्यकर्ताओं में चल रही नाराजगी को देखते हुए माकपा प्रत्याशी के हौसले बुलंद देखे जा सकते हैं। सांगटी वार्ड उप चुनावी मैदान में उतरी कांग्रेस और भाजपा भले ही पूरा दम दिखा रही हो, मगर माकपा भी कम नहीं है। सांगटी वार्ड की सियासत पर गौर करें तो भाजपा प्रत्याशी मीरा शर्मा से नाराज कार्यकर्ता क्रॉस वोटिंग भी कर सकते हैं, जिसका सीधा लाभ माकपा को मिलने के आसार हैं। उप चुनाव में माकपा से रंजना वर्मा, कांग्रेस से शिल्पा और भाजपा से मीरा शर्मा मैदान में हैं। मात्र तीन ही प्रत्याशी मैदान में उतरने से मुकाबला काफी रोचक होगा। हालांकि इससे पूर्व एक ही वार्ड में कम से कम छह-छह प्रत्याशी मैदान में उतरते थे। इस बार के उप चुनाव में सिर्फ तीनों राजनीतिक दलों के समर्थक ही चुनाव लड़ रहे हैं। सांगटी वार्ड में होने वाले उप चुनाव में जो भी प्रत्याशी जीत दर्ज करती है उसका कार्यकाल साड़े तीन साल का होगा। क्योंकि नगर निगम का अब तक डेढ़ वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है। यानी साढ़े तीन साल के कार्यकाल में यहां के प्रतिनिधि को विकास कार्य करवाने का बेहतर मौका मिलेगा। बताया गया कि इस वार्ड के लिए एंबुलेंस सड़क, पेयजल समस्या, पार्किंग व्यवस्था सहित कई अन्य एजेंडे हैं, जिन्हें पूरा करने का दावा तीनों प्रत्याशी कर रहे हैं।

आचार संहिता के बाद होगा पहला हाउस

नगर निगम शिमला का इस साल का पहला हाउस अब चुनाव आचार संहिता सामप्त होने के बाद ही होगा। यानी 14 जनवरी को उप चुनावी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उसके बाद ही नगर निगम शिमला की इस महीने और साल की पहली बैठक होगी, जिसमें संागटी वार्ड से प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।

The post एक सीट; तीन उम्मीदवार, सुबह-शाम वोटर्स के द्वार appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.



Courtsey: Divya Himachal
Read full story> http://www.divyahimachal.com

Post a Comment

Latest
Total Pageviews