अटके लोगों में चार बच्चे भी शामिल, बिजली महादेव को निकले थे
कुल्लू – बिजली महादेव के साथ लगती कुल्लू की दुर्गम माहुटीनाट की पहाड़ी के आसपास पालमपुर के छह पर्यटक फंस गए हैं, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। गुरुवार देर शाम पर्यटकों की फंसे होने की सूचना मिलते ही प्रशासन का रेस्क्यू दल मौके के लिए रवाना हो गया है। खबर लिखे जाने तक दल आधे रास्ते तक पहुंच गया था, लेकिन तब तक पर्यटकों की सही लोकेशन का पता नहीं चल पाया था। पर्यटकों के पास खाने के लिए सामग्री भी नहीं है। वहीं, बर्फीली चोटी से आ रही हाड़ कंपा देने वाली ठंडी हवाओं से उनका बुरा हाल बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक करीब छह पर्यटक ऊंची पहाड़ी के आसपास फंसे हैं। इनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं। पालमपुर के ये पर्यटक गुरुवार सुबह बिजली महादेव घूमने निकले थे। जब वे बिजली महादेव से माहुटीनाग की पहाड़ी वाले रास्ते की ओर निकले तो रास्ता भटक गए। माहुटीनाग की पहाड़ी पर गिरी बर्फ को देखने के लिए वे आगे-आगे निकलते गए और वापसी पर रास्ता भटक गए। इन्हें यह पता भी नहीं चल पाया कि इन्होंने किस लोकेशन में अपना वाहन रखा है। बताया जा रहा है कि पहाड़ी में फंसे पर्यटकों में से एक लड़की का संपर्क अपने घर हुआ। इसके बाद ही जिला प्रशासन को भी इस बारे में पता चल पाया। इसके बाद देर शाम को पहाड़ी में फंसे पर्यटकों के रेस्क्यू के लिए दल निकल पड़ा है। पहाड़ी में फंसे छह लोगों में चार बच्चे और एक दंपति शामिल है। इनमें दंपति अनूप सूद और कंगना के साथ-साथ छह साल की अंशिका, 14 साल का सिंद्धात, मयंक पुत्री महेंद्र सिंह और दिंधिया सूद पुत्र हंसराज सूद निवासी पालमपुर शामिल हैं। हालांकि संपर्क होने के साथ ही उनके रिश्तेदार भी पहाड़ी के आसपास पहुंच गए हैं और खबर लिखे जाने तक उन्हें ढूंढने के प्रयास जारी थे। उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है। पर्यटकों से संपर्क साधा जा रहा है।
The post कुल्लू की ऊंची चोटी पर फंसे पालमपुर के छह पर्यटक appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/01/%e0%a4%95%e0%a5%81%e0%a4%b2%e0%a5%8d%e0%a4%b2%e0%a5%82-%e0%a4%95%e0%a5%80-%e0%a4%8a%e0%a4%82%e0%a4%9a%e0%a5%80-%e0%a4%9a%e0%a5%8b%e0%a4%9f%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%ab%e0%a4%82%e0%a4%b8/
Post a Comment