हिमाचल प्रदेश में 737 ब्लैक स्पॉट

 हिमाचल में एक्सीडेंट पर किए गए सर्वे में सामने आए तथ्य, 266 जगह पर बार-बार होते हैं सड़क हादसे

सोलन —हिमाचल में 737 ऐसे स्थान हैं, जहां पर सबसे अधिक दुर्घटनाएं होती हैं। हिमाचल में किए गए सर्वे में यह खुलासा हुआ है। कर किया गया है।  सर्वे के अनुसार इन 737 स्थानों में से भी 266 ऐसे स्थान हैं, जहां बार-बार सड़क हादसे होते हैं। इसके अलावा 22 स्थान ऐसे हैं जहां सबसे अधिक दुर्घटनाएं होती हैं। सर्वे के नतीजों के आधार पर यह पता चलता है कि प्रदेश में निम्न स्तर की सड़क सुविधा, गति की अनदेखी, ड्राइविंग के साथ शराब , मोटरसाइकिल को बिना हेलमेट के चलाना और बच्चे के लिए अलग से सीट लगाना कुछ ऐसे तथ्य हैं, जो सड़क दुर्घटनाओं में चोटों और मृत्यु के लिए प्रमुख कारण है। प्रदेश की भौगोलिक स्थिति एक बड़ी चुनौती है और यहां पर कुछ ऐसे भू-भाग हैं, जिन्हें देशभर में सबसे मुश्किल माना जाता है और यातायात का एकमात्र साधन सड़क परिवहन है।  ऐसे में सड़क दुर्घटना के समय उपयुक्त व त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए।  संयुक्त राष्ट्र ने अपने सतत विकास उद्देश्यों के उत्थान को बनाए रखने के लिए 2020 तक जो मनोचित्र बनाया है, उसके अंतर्गत विश्व भर में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु और चोटों की दर को आधा करना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जीवीके द्वारा यह सर्वे करवाया गया, ताकि प्रदेश के ऐसे स्थानों को खोजा जा सके , जहां पर सबसे अधिक दुर्घटनाएं होती हैं। इन स्थानों को खोजने के पश्चात ही यहां पर होने वाले हादसों पर अंकुश लगाए जाने के लिए प्रदेश सरकार आवश्यक कदम उठा सकती है।   सड़क दुर्घटनाएं सबसे ज्यादा सप्ताह के अंत में और शाम के समय 2 से 9 बजे के बीच में होती हैं। महीने के हिसाब से बात की जाए तो  मई से अगस्त और दिवाली की छुट्टियों के समय अक्तूबर व नवंबर तक दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ जाता है। 108 द्वारा निपटाई गई कुल आपातकालीन घटनाओं में 5.68 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं हैं। पिछले सात वर्षों से अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए 108 ने 64 हजार 118 सड़क दुर्घटनाओं को संभाला है। इस सर्वे से यह भी स्पष्ट होता है कि प्रदेश में दुर्घटना से पीडि़त 40 प्र्रतिशत युवावस्था के होते हैं। महिलाओं की अपेक्षा पुरुष सड़क दुर्घटनाओं में ज्यादा प्रभावित होते हैं,जिनकी भागीदारी 81 प्रतिशत है।

कांगड़ा में सबसे ज्यादा हादसे

जिलावार दुर्घटनाओं पर नजर डालें तो इसमें कांगड़ा सबसे आगे है। कांगड़ा में 11,731, ऊना में 8555, सोलन में 8120, शिमला में 7988, मंडी में 6844, सिरमौर में 6489, बिलासपुर में 4525, हमीरपुर में 4360, कुल्लू में 2503, चंबा में 2250, किन्नौर में 461 और लाहुल और स्पीति में 292 पीडि़त शामिल है। इस प्रकार पूरे प्रदेश में दिसंबर 2018 तक 64118 व्यक्ति दुर्घटना में प्रभावित हुए।

The post हिमाचल प्रदेश में 737 ब्लैक स्पॉट appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2019/01/%e0%a4%b9%e0%a4%bf%e0%a4%ae%e0%a4%be%e0%a4%9a%e0%a4%b2-%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a4%a6%e0%a5%87%e0%a4%b6-%e0%a4%ae%e0%a5%87%e0%a4%82-737-%e0%a4%ac%e0%a5%8d%e0%a4%b2%e0%a5%88%e0%a4%95-%e0%a4%b8/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews