शिमला -भारत की कम्युनिस्ट पार्टी शिमला शहरी कमेटी ने प्रदेश सरकार व नगर निगम की जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ आम जनता को लामबंद करते हुए जनता विरोधी नगर निगम खिलाफ शनिवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया । शहरी कमेटी के सचिव बलवीर पराशर ने कहा कि माकपा नगर निगम द्वारा शिमला शहर में अत्याधिक रूप से दुकानों व गोदामों के किराए में की गई वृद्धि के विरोध में व्यापारियों के आंदोलन का समर्थन किया है तथा मांग उठाई है कि इस पर नगर निगम तुरंत पुनर्विचार करें और इस पर कोई विवेकशील निर्णय ले। पार्टी का आरोप है कि शायद ही कोई ऐसा हो जो किराया न बढ़ाना चाहता हो। परंतु जिस प्रकार से नगर निगम ने आनन फानन में हितधारकों को विश्वास में लिए बिना यह निर्णय लिया है इसे उचित करार नहीं दिया जा सकता है। नगर निगम को किराया वृद्धि पर कोई अंतिम निर्णय लेने से पूर्व सभी हितधारकों के साथ बैठकें कर इसपर सहमति बनानी चाहिए थी और उसके पश्चात ही कोई अंतिम निर्णय लेना चाहिए था। आज नगर निगम के चुने हुए पार्षद ही इसका विरोध कर रहे हैं जिससे बीजेपी शासित नगर निगम की विफलता स्पष्ट प्रतीत होती है। महापौर को प्रस्ताव को अंतिम रूप देने से पूर्व सभी से बैठक कर इस पर सहमति बनानी चाहिए थी, ताकि आज ये परिस्थिति पैदा न होती। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी शासित नगर निगम व सरकार के द्वारा जन विरोधी नीतियों को लागू करते हुए जनता पर भारी आर्थिक बोझ लादने के सिवाए कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। पेयजल, बिजली पर सैस लगाना, कूड़ा एकत्रीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं, बस किराया की दरों में बढ़ी वृद्धि की गई है। जिसके चलते प्रदेश व शहर की जनता आज बेहद परेशान हैं। सेवाओं की दरों में भारी वृद्धि के बावजूद इनकी दशा बदतर हो रही हैं। नगर निगम शिमला प्रदेश सरकार के सहयोग से ही इस प्रकार की जन नीतियों को लागू कर रही हैं। शिमला शहर के विधायक जो सरकार में मंत्री भी है, उन्होंने भी 17 जनवरी को उपायुक्त परिसर में नगर निगम में बीजेपी के पार्षदों के साथ इस किराया बढ़ाने को लेकर एक बैठक की थी जिसके पश्चात ही महापौर के द्वारा 24 को इस मुद्दे पर सदन की विशेष बैठक आयोजित की और बीजेपी शासित नगर निगम ने कांग्रेस के पार्षदों के साथ मिलकर इस किराया वृद्धि के प्रस्ताव को पारित कर दिया। सीपीआईएम ने आरोप लगाया कि नगर निगम मे सत्ता मे आने के बाद भाजपा ने लगातार जनविरोधी व आम जनता की जेब पर डाका डालने के निर्णय लिए हैं। इस प्रदर्शन में माकपा के राज्य सचिव ओंकार शाद,राज्य सचिव मंडल सदस्य प्रेम गौतम, विजेंदर मैहरा, बाबू राम, किशोरी ढडवालिया, विनोद बिरसन्टा, दिनेश मेहता, जीवन ठाकुर, पवन शर्मा, रमन, रुचिका सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
The post किराया बढ़ोतरी पर माकपा का प्रदर्शन appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.
Courtsey: Divya Himachal
Read full story> http://www.divyahimachal.com
Post a Comment