मोबाइल-नकल-नशा छुड़ाएंगे डा. सुरेश सोनी

शिक्षा बोर्ड के नए अध्यक्ष का दावा; लाएंगे ऐसी एजुकेशन पालिसी, छोटी कक्षाओं से होगी शुरुआत

बिलासपुर – हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को नया अध्यक्ष मिला है। बिलासपुर कालेज में कार्यरत पॉलिटिकल साइंस के लेक्चरर डा. सुरेश सोनी को शिक्षा बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा उनकी नियुक्ति अगले तीन वर्षों के लिए की गई है। प्रदेश कालेज प्राध्यापक संघ के महासचिव रह चुके डा. सोनी आरएसएस से भी जुड़े रहे हैं। शनिवार को स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति कर अधिसूचना जारी होने के बाद ‘दिव्य हिमाचल’ से बातचीत में सुरेश सोनी ने कहा कि स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे। इसकी शुरुआत छोटी कक्षाओं के सिलेबस में सुधार से होगी। वहीं, बड़ी कक्षाओं के लिए प्रतियोगी सिलेबस बनाया जाएगा। परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए पॉलिसी लेवल पर काम किया जाएगा। इन सभी विषयों पर हितधारकों से भी बात की जाएगी। सुरेश सोनी ने कहा कि स्कूलों को क्लीन व ग्रीन बनाने के भी जमीनी प्रयास होंगे। इसके मद्देनजर बच्चों की गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी। इससे बच्चों को नशे या अन्य गलत आदतों से बचाने में भी मदद मिलेगी। उन्हें मोबाइल की दुनिया से बाहर निकालने के लिए भी गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे। पेपर चैकिंग सिस्टम में भी सुधार किया जाएगा। इसके लिए अध्यापकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाया जाएगा। उनसे बात भी की जाएगी कि उन्हें किसी तरह की कोई दिक्कत तो नहीं है। उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन प्रणाली भी सुधारी जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि पेपर चैकिंग के कार्य में अध्यापक बार-बार रिपीट तो नहीं हो रहे हैं। सभी अध्यापकों को क्रमबद्ध तरीके से यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। परीक्षकों के मुद्दे भी प्राथमिकता के आधार पर सुलझाए जाएंगे। कार्यभार संभालने के बाद वह प्रदेश के सभी जिलों का दौरा करेंगे।

परवरिश में नाना-नानी की अहम भूमिका

स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष बनाए गए डा. सुरेश सोनी बिलासपुर जिला के घुमारवीं क्षेत्र के कोठी गांव के रहने वाले हैं। वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे हैं। उनके पिता स्व. बिशनदास वन विभाग में कार्यरत थे। वहीं, माता सत्या देवी इन दिनों तीर्थ यात्रा पर हैं। डा. सोनी के अनुसार उनकी परवरिश में नाना बंसीधर और नानी सनैहरू देवी की अहम भूमिका रही। धर्मपत्नी सुमनलता सीनियर सेकेंडरी स्कूल कोठी में कार्यरत हैं। सुरेश सोनी को इंडिया इंटरनेशनल सोसायटी दिल्ली द्वारा राष्ट्रीय गौरव अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है।

The post मोबाइल-नकल-नशा छुड़ाएंगे डा. सुरेश सोनी appeared first on Divya Himachal: No. 1 in Himachal news - News - Hindi news - Himachal news - latest Himachal news.


Courtsey: Divya Himachal
Read full story: http://www.divyahimachal.com/2018/12/%e0%a4%ae%e0%a5%8b%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%87%e0%a4%b2-%e0%a4%a8%e0%a4%95%e0%a4%b2-%e0%a4%a8%e0%a4%b6%e0%a4%be-%e0%a4%9b%e0%a5%81%e0%a4%a1%e0%a4%bc%e0%a4%be%e0%a4%8f%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%87/

Post a Comment

Latest
Total Pageviews